महाराष्ट्र निकाय चुनाव की मतगणना रविवार सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है। कुछ देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे। राज्य भर की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों पदों के लिए 2 दिसंबर और 20 दिसंबर को दो फेज में चुनाव हुए थे। इनमें नगर निगम चुनावों के पहले चरण में, 2 दिसंबर को 263 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान हुआ था। 20 दिसंबर को दूसरे चरण में 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के साथ-साथ 143 खाली पदों के लिए मतदान हुआ था। सभी की गिनती एक साथ की जा रही है। मतगणना के लिए राज्यभर में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। धुले की डोंडाइचा नगर परिषद और सोलापुर की उंगर नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हुआ। जलगांव जिले की जामनेर नगर परिषद में भी अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला नहीं हुआ। तीनों पदों पर भाजपा ने निर्विरोध जीत हासिल की। नगर निगम चुनावों में मुख्य रूप से राज्य की सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच मुकाबला है। महायुति में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की NCP का गठबंधन है। MVA उद्धव की शिवसेना, शरद पवार की NCP और कांग्रेस का गठबंधन है। कुछ जगहों पर सत्तारूढ़ गठबंधन के दल, भाजपा, शिंदे की शिवसेना और पवार की NCP आमने-सामने हैं। कुल मिलाकर, भाजपा नेतृत्व वाले महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच मुकाबले के साथ गठबंधनों के भीतर फ्रेंडली फाइट भी है।