हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर रविवार शाम को ताजा बर्फबारी हुई। शिंकुला दर्रा और रोहतांग पास सहित आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के कारण लाहौल-स्पीति और जांस्कर घाटी में कड़ाके की ठंड लौट आई है। इस बीच देशभर से काफी संख्या में टूरिस्ट भी बर्फ देखने कुल्लू-मनाली और लाहौल स्पीति के अलग अलग पर्यटन स्थलों पर पहुंचने लगा है। रोहतांग, शिंकुला दर्रा व कोकसर में पर्यटन बर्फ के बीच मौज मस्ती कर रहे है। वहीं बर्फबारी के कारण ऊंचे क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लाहौल स्पीति और किन्नौर के कुछेक क्षेत्रों में बीती रात को बर्फीली हवाएं भी चली, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचे इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है। बिलासपुर, ऊना और मंडी में आज भी सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। इसका असर वाहनों की आवाजाही पर पड़ रहा है। खासकर भाखड़ा बांध के आसपास और मंडी की वल्ह घाटी व सुंदरनगर में घना कोहरा पड़ रहा है। आज से पूरे प्रदेश में साफ होगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार आज से अगले छह दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, अगले तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में फिलहाल किसी बड़ी बर्फबारी की चेतावनी नहीं है, लेकिन ठंड का असर और तेज होने की उम्मीद है। प्रशासन ने बर्फबारी वाले क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों से सतर्कता बरतने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है।