दो महीने की शादी, दो दिन के अंतराल में सुसाइड:पत्नी बेंगलुरु, पति ने नागपुर आकर जान दी; श्रीलंका से हनीमून छोड़कर वापस लौटे थे

महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एक होटल में शनिवार को 36 साल के सूरज शिवन्ना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूरज बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरा इलाके का रहने वाला था। उसकी मौत से दो दिन पहले, 25 दिसंबर को उसकी पत्नी गणवी (26 साल) ने भी बेंगलुरु में आत्महत्या की थी। गणवी की मौत के बाद उसके माता-पिता ने सूरज और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए सूरज अपनी मां और भाई के साथ बेंगलुरु से 1000KM दूर नागपुर आकर छिपा था। पुलिस के मुताबिक, सूरज एक ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस के फ्रेंचाइजी का मालिक था। गणवी MBA ग्रेजुएट थी। दोनों की 29 अक्टूबर को बेंगलुरु में धूमधाम से शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों कुछ दिन बेंगलुरु में साथ रहे थे। फिर दोनों 10 दिन के हनीमून पर श्रीलंका चले गए। श्रीलंका में सूरज को गणवी के शादी से पहले के एक रिलेशनशिप की जानकारी लगी, जिसको लेकर कपल के बीच विवाद शुरू हुआ। फिर दोनों पांच दिन में ही हनीमून छोड़कर बेंगलुरु लौट आए। वापसी के बाद दोनों के परिवार ने सुलह की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद गणवी 25 दिसंबर को अपने पिता के घर चली गई और कुछ घंटों बाद उसने फांसी लगा ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गणवी के परिवार ने सूरज और उसके परिजनों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद सूरज अपनी मां जयंती और भाई संजय के साथ बेंगलुरु से निकल गया। तीनों पहले हैदराबाद गए और फिर 26 दिसंबर को नागपुर पहुंचे। रात करीब 9:30 बजे उन्होंने एक होटल में दो कमरे बुक किए। रात करीब 12:30 बजे जयंती सूरज के कमरे में आई तो सूरज को फांसी पर लटका हुआ पाया। बेटे को मरा देखकर उसने भी फांसी लगाने की कोशिश की। हालांकि, फंदा टूट गया और उसकी चीख सुनकर होटल के कर्मचारी मौके पर जमा हो गए। वहां जयंती बेहोश हालत में मिली। वहीं, सूरज को एम्स नागपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सूरज के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर उसके भाई संजय का बयान दर्ज किया गया। संजय ने दहेज के आरोपों से इनकार किया और कहा- गणवी के परिवार ने हमें जान से मारने की धमकी दी थी। मेरा भाई डरा हुआ था और उसने माफी भी मांगी थी।