कर्नाटक में राहुल के स्वागत पर विवाद:CM-उपमुख्यमंत्री एयरपोर्ट पहुंचे; जर्मन चांसलर के वेलकम में मंत्री गए, BJP बोली- हाईकमान को खुश करना उनकी प्राथमिकता

कर्नाटक में एक ही दिन, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के पहुंचने के बाद उनके स्वागत को लेकर विवाद खड़ा गया है। भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर राज्य की ग्लोबल प्रतिष्ठा से ज्यादा अपने हाईकमान को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। दरअसल, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज पिछले कुछ दिनों से भारत दौर पर हैं। वे मंगलवार को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। वहां उनका स्वागत कर्नाटक के मंत्री एमबी पाटिल और सीनियर अधिकारियों ने किया। दूसरी तरफ, राहुल गांधी तमिलनाडु जाते समय मैसुरु एयकपोर्ट पर थोड़ी देर रुके। वहां उनके स्वागत के लिए खुद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पहुंचे थे। भाजपा ने इस पर आपत्ति जताई है।