नई दिल्ली की NIA कोर्ट ने कश्मीरी अलगाववादी आसिया अंद्राबी और उसकी दो साथियों-सोफी फहमीदा और नाहिदा नसीरीन को एक आतंकी मामले में दोषी करार दिया है। सजा पर सुनवाई 17 जनवरी को होगी। आसिया अंद्राबी महिला अलगाववादी संगठन दुख्तरान-ए-मिल्लत की प्रमुख बताई जाती है। आसिया अंद्राबी को साल 2018 में गिरफ्तार किया गया था। NIA ने उस पर देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने, लोगों के बीच नफरत फैलाने और गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून (UAPA) के तहत आतंकी साजिश रचने के आरोप लगाए थे। अदालत ने तीनों को दोषी माना है। इस मामले की सुनवाई पहले दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में हुई थी। फैसला सुरक्षित रखने के बाद केस दिल्ली की ही कड़कड़डूमा कोर्ट भेजा गया था। इससे पहले 21 दिसंबर 2020 में NIA कोर्ट ने आसिया अंद्राबी और उसकी दो सहयोगियों पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने, देशद्रोह और आतंकी गतिविधियों की साजिश के आरोप तय किए थे। दुख्तरान-ए-मिल्लत संगठन भारत में बैन आसिया अंद्राबी ने 1987 में दुख्तरान-ए-मिल्लत की बनाया था। यह संगठन कश्मीर घाटी में सक्रिय अलगाववादी समूह ऑल पार्टीज हुर्रियत कॉन्फ्रेंस से जुड़ा बताया जाता है। भारत सरकार ने इस संगठन को प्रतिबंधित आतंकी संगठन घोषित कर रखा है। दुख्तरान-ए-मिल्लत का मतलब है-इस्लाम की बेटियां। यह कश्मीर में महिला अलगाववादियों का सबसे कट्टरपंथी संगठन है। इसकी अध्यक्ष आसिया अंद्राबी टेरर फंडिंग के आरोप में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। यह संगठन कश्मीरी आतंकियों को मुजाहिद बताता है और उनकी मदद के लिए महिलाओं को आगे आने के लिए कहता है। आसिया अंद्राबी की शादी डॉ. कासिम फख्तू से हुई है। डॉ. कासिम भी एक आतंकी कमांडर है और इस समय जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। NIA के अनुसार, यह संगठन पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों की मदद से कश्मीर में लोगों को भारत सरकार के खिलाफ भड़काने का काम करता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया जैसे ट्विटर, फेसबुक, यूट्यूब और टीवी चैनलों जिसमें पाकिस्तान के चैनल भी शामिल हैं, के जरिए भारत विरोधी और भड़काऊ संदेश फैलाते थे। ये खबर भी पढ़ें : BJP बोली-राहुल गांधी अलगाववाद की राजनीति का उदाहरण:राज्य के हिसाब से बदलती है पॉलिटिक्स; ‘जना नायकन’ विवाद जुड़ा मामला भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अलगाववाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति में अलगाववाद का परफेक्ट उदाहरण और केस स्टडी हैं। पढ़ें पूरी खबर…