कैमूर डीएम नितिन कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं भूमि विवाद मामलों की समीक्षा बैठक संपन्न भूमि विवाद निपटारा, अतिक्रमण हटाने एवं RTPS से आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से किया जाए जिला पदाधिकारी कैमूर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवादों का त्वरित निष्पादन, राजस्व कार्यों में पारदर्शिता तथा आम नागरिकों को समयबद्ध सेवा प्रदान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा राजस्व संग्रह लक्ष्यों की उपलब्धि, ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लगान भुगतान की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित म्यूटेशन मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण, जमाबंदी सुधार एवं रिकॉर्ड अद्यतन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा शनिवार को आयोजित होने वाली अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी की संयुक्त बैठकों के निष्कर्षों की समीक्षा की गई। सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की संभावना वाले भूमि विवादों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि RTPS के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही अंचल अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर भूमि विवादों का समाधान करने तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान राजस्व से संबंधित सभी बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए एवं कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।