26 जनवरी को भारत 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। इस बार मुख्य परेड की थीम वंदेमातरम् पर रखी गई है। परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर 30 झांकियां निकलेंगी, जो 'स्वतंत्रता का मंत्र-वंदे मातरम, समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत' थीम पर आधारित होंगी। कर्तव्य पथ पर एनक्लोजर के बैकग्राउंड में वंदेमातरम् की लाइन्स वाली पुरानी पेंटिंग बनाई जाएगी। मेन स्टेज पर फूलों से वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस बार गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगे। परेड में पहली बार बैक्ट्रियन ऊंट, नई बटालियन भैरव भी मार्च पास्ट करेगी। हालांकि इस बार के फ्लाईपास्ट में राफेल, Su-30, अपाचे जैसे 29 विमान शामिल होंगे। हालांकि इस बार तेजस को नहीं रखा गया है। गणतंत्र दिवस परेड में इस बार नया क्या... 77वें गणतंत्र दिवस की परेड की खास बातें... राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 17 और मंत्रालयों से 13 समेत कुल 30 झांकियां कर्तव्य पथ पर निकलेंगी। 18 मार्चिंग टुकड़ियां और 13 बैंड हिस्सा लेंगे। परेड के दौरान प्रदर्शित होने वाली रक्षा संपत्तियों में ब्रह्मोस, आकाश मिसाइल सिस्टम, मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल (MRSAM) सिस्टम, एडवांस्ड टोएड आर्टिलरी गन सिस्टम (ATAGS), धनुष तोप, शक्तिबान और कुछ ड्रोन का स्टैटिक डिस्प्ले शामिल होगा। जबकि फ्लाईपास्ट में राफेल, Su-30, अपाचे और LCH हेलिकॉप्टर जैसे विमान शामिल होंगे। हालांकि इसमें तेजस को नहीं रखा गया है। संस्कृति मंत्रालय की "वंदे मातरम: एक राष्ट्र की आत्मा की पुकार" झांकी केंद्रीय थीम का मुख्य आकर्षण होगी, जबकि सैन्य मामलों का विभाग ऑपरेशन सिंदूर पर एक त्रि-सेवा झांकी पेश करेगा, जो एकजुटता का प्रतीक है। झांकियों के साथ लगभग 2,500 कलाकार सांस्कृतिक प्रदर्शन भी करेंगे। इसके अलावा अलग-अलग बैकग्राउंड के लगभग 10,000 खास मेहमानों को परेड के लिए आमंत्रित किया गया है। दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण 17 जनवरी, 19 जनवरी, 20 जनवरी और 21 जनवरी को दिल्ली के कई मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक की आवाजाही बंद रहेगी। रिहर्सल विजय चौक से इंडिया गेट तक होगी, जिसमें परेड का रास्ता सी-हेक्सागन तक फैला होगा। परेड में परेशानियां न हों, इसके लिए, इन चारों दिनों में सुबह 10.15 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड और सी-हेक्सागन पर कर्तव्य पथ पर ट्रैफिक क्रॉसिंग बंद रहेगी। --------------- ये खबर भी पढ़ें...