‘मेरी सास मर जाए’…कर्नाटक के मंदिर के दान पात्र में मिली अनोखी चिट्ठी, साथ में रखा 100 रुपये का नोट

आमतौर पर लोग मंदिरों में लंबी उम्र, अच्छा स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना लेकर पहुंचते हैं। धार्मिक स्थलों के दानपात्र में अक्सर संतान सुख, नौकरी, शांति और समृद्धि जैसी इच्छाएं लिखी पर्चियां मिलती हैं। लेकिन कर्नाटक के बेलगावी जिले में स्थित हुलीकुंटेश्वर मंदिर में हाल ही में एक ऐसी प्रार्थना मिली, जिसने मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया। मंदिर में हाल ही में आयोजित वार्षिक जत्रा के बाद जब दानपात्र खोला गया और चढ़ावे की गिनती शुरू हुई, तो कर्मचारियों को एक सौ रुपये का नोट मिला। इस नोट पर हाथ से लिखा एक संदेश था, जिसमें किसी ने भगवान से अपनी सास की मौत की प्रार्थना की थी।