Plane Crash Incidents In One Year: दो दिन में देश के तीन हवाई हादसों ने उड़ानों की सुरक्षा को फिर घेरे में ला दिया। सोमवार को रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश होने से मरीज समेत 7 लोगों की जान चली गई तो मंगलवार को दिल्ली से लेह जा रहे स्पाइसजेट के विमान में उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद आग की चिंगारी देख यात्री दहशत में आ गए। मंगलवार को ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मयाबंदर के पास पवन हंस हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र में गिर गया। हालांकि अच्छी बात ये रही कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। पिछले वर्ष अहमदाबाद विमान हादसे के बाद कई उड़ानों में छोटी-बड़ी खामियां विमानन क्षेत्र की तकनीकी कमजोरी को उजागर करती हैं। सरकार और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले वर्ष भारतीय विमानों में 183 तकनीकी खामियों के मामले सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा एयर इंडिया के थे। चिंताजनक यह भी है कि डीजीसीए ने बताया कि 2025 में 377 विमानों में बार-बार होने वाली तकनीकी खामियां पाई गईं। डीजीसीए ने सभी मामलों में जांच के आदेश दे दिए हैं।