रोहतक के प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में खुलासा:भांजे ने मामा की मौत का बदला लिया, कार में GPS ट्रैकर लगाया, सुनसान जगह पर गोलियां मारीं

रोहतक के प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान के मर्डर में खुलासा हुआ है। उसके मर्डर की पूरी प्लानिंग उस धर्मेंद्र के भांजे प्रदीप ने रची, जिस धर्मेंद्र की 2018 में सत्यवान ने हत्या की थी। प्रदीप ने योजनाबद्ध तरीके से सत्यवान की हत्या करके शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए नहर में फेंका था। प्रदीप ने 20 फरवरी को खेड़ी साध गांव सत्यवान के घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार पर GPS ट्रैकर लगा दिया था, ताकि वह उसका पीछा कर सके। यह पूरी घटना गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इसी दिन जब सत्यवान कार लेकर निकला तो खरावड़ गांव के पास सुनसान जगह पर प्रदीप ने अपने साथियों संग मिलकर सत्यवान की गोलियां मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को जेएलएन नहर में फेंक दिया। पुलिस ने जांच करते हुए प्रदीप के 2 साथियों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर 24 फरवरी को सत्यवान का शव नहर से बरामद हुआ। पुलिस फिलहाल प्रदीप की तलाश कर रही है। पहले धर्मेंद्र की हत्या का मामला जानिए…. सत्यवान की पत्नी ने छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था 31 दिसंबर 2017 की रात को खेड़ी साध गांव में सत्यवान ने धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की थी। सत्यवान की पत्नी ने धर्मेंद्र पर छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। इसको लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। धर्मेंद्र टैक्सी चलाता था। 31 दिसंबर को धर्मेंद्र नए साल की खुशी मनाने के लिए घूमने गया था। जब वह देर रात तक नहीं लौटा, तो उसका भाई रोहित उसे ढूंढने निकला। 31 दिसंबर 2017 को घर के बाहर गोली मारी रोहित ने धर्मेंद्र को उसके दो साथियों - हमायुंपुर निवासी दिनेश और दिल्ली के झाड़ौदा कलां निवासी प्रदीप के साथ बस अड्डे पर एक कार में बैठे हुए मिला। रोहित भी उनके साथ गाड़ी में बैठ गया और वे घर की तरफ चल पड़े। आरोप है कि जब धर्मेंद्र अपने भाई और दोस्तों के साथ सुबह करीब 3-4 बजे सत्यवान के घर के सामने पहुंचा, तो सत्यवान बाहर खड़ा था। जमानत पर बाहर आया था सत्यवान शिकायत के मुताबिक धर्मेंद्र ने सत्यवान से कहा कि उसने उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवा रखा है। इसके बाद सत्यवान घर के अंदर गया और एक पिस्तौल लेकर आया, जिससे उसने धर्मेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। धर्मेंद्र के परिवार का कहना था कि सत्यवान की पत्नी ने झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में सत्यवान जेल में बंद था। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत लेकर वह बाहर आया था। अब जानिए प्रदीप ने कैसे सत्यवान की हत्या की…. 7 साल से हत्या का बदला लेना चाहता था पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र का भांजा प्रदीप अपने मामा की हत्या का बदला लेना चाहता था। इसलिए वह पिछले सात सालों से सत्यवान को मारने का मौका ढूंढ रहा था। प्रदीप ने अपने साथी, भिवानी के बापोड़ा निवासी मंजीत और भाली गांव निवासी मनीष के साथ मिलकर सत्यवान की हत्या की योजना बनाई। घर के बाहर खड़ी कार पर GPS ट्रैकर लगाया प्रदीप को अपने मामा की हत्या का बदला लेने का मौका आखिरकार 20 फरवरी को मिला, जिसकी वह सात सालों से तलाश कर रहा था। योजना के मुताबिक, प्रदीप ने 20 फरवरी की रात 1 बजकर 56 मिनट पर खेड़ी साध गांव में सत्यवान के घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार पर GPS ट्रैकर लगा दिया और वहां से चला गया। 20 फरवरी को खरावड़ गांव के पास हत्या की 20 फरवरी की सुबह सत्यवान अपने भाई को छोड़ने खरखौदा गया। वहां से वह रोहतक की जिला कोर्ट आया और दोपहर को अपने घर लौट रहा था। GPS ट्रैकर से लोकेशन पता करते हुए प्रदीप ने मनीष और मंजीत के साथ मिलकर खरावड़ गांव के पास सत्यवान को घेर लिया। यहां उन्होंने सत्यवान को गोलियां मार दीं और उसके शव को साथ ले गए। पत्थर से शव बांधकर नहर में फेंका पुलिस के मुताबिक, शव बरामद न हो, इसलिए प्रदीप और उसके साथियों ने सत्यवान के शव को पत्थर से बांधकर जवाहर लाल नेहरू नहर में फेंक दिया। बंधा होने के कारण शव आगे जाने की बजाय वहीं नीचे चला गया और फूलकर ऊपर भी नहीं आया। 23 फरवरी की रात को 2 आरोपी गिरफ्तार IMT पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी की रात को मनीष और मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने सत्यवान की हत्या की बात कबूल कर ली। 24 फरवरी को पुलिस दोनों को जेएलएन नहर लेकर पहुंची। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने गोताखोरों को नहर में उतारा। गोताखोरों ने शव को नीचे से बाहर निकाला। आरोपियों से 5 देसी पिस्तौल व 5 रौंद मिले SP सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि सत्यवान की हत्या करने के मामले में पुलिस ने 2आरोपियों को पकड़ा है। दोनों आरोपियों से पुलिस ने 5 देसी पिस्तौल व 5 रौंद बरामद किए। आरोपियों को हथियार किसने सप्लाई किए, इसके बारे में अभी पूछताछ चल रही है।