पड़ोसी ने घर में घुसकर की छेड़छाड़, किशोरी ने आत्महत्या की

झांसी जनपद के मोंठ थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने पड़ोसी द्वारा कथित जबरदस्ती से आहत होकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका की उम्र करीब 16 से 17 साल बताई जा रही है और वह कक्षा 9 की छात्रा थी. उसके पिता ट्रक ड्राइवर हैं. परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं और वह सबसे बड़ी थी. उनके साथ उसकी मौसी भी रहती थी. परिजनों के अनुसार 23 फरवरी को किशोरी की मां अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई थी. पिता ट्रक लेकर बाहर गए हुए थे. 25 फरवरी को किशोरी का सगा और मौसेरा भाई स्कूल गए थे और मौसी खेत पर चली गई थी. घर में किशोरी अकेली थी. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला वीरु उर्फ वीरेन्द्र दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में जबरन घुस गया और किशोरी से जबरदस्ती करने लगा.