भारतीय वायु सेना (IAF) का एक सुखोई Su‑30MKI फाइटर जेट गुरुवार को असम में अचानक रडार से गायब हो गया। अधिकारियों के मुताबिक विमान से रडार संपर्क टूटने के बाद तुरंत स्थिति का पता लगाने के लिए खोज और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि Su-30 MKI, जो 4.5 जेनरेशन का एयरक्राफ्ट है, कार्बी आंगलोंग जिले में उड़ान भरते समय शाम करीब 7 बजे गायब हो गया था। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया है और लोकल लोगों ने धमाका भी सुना था। सूत्रों के अनुसार यह फाइटर जेट नियमित उड़ान या मिशन पर था, तभी अचानक उसका ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया। रडार से संपर्क समाप्त होने के बाद वायु सेना ने तुरंत अलर्ट जारी करते हुए घटना की जांच के लिए IAF टीम को असम रवाना किया है। भारतीय वायु सेना के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल विमान की सटीक स्थिति और संपर्क टूटने की वजह का पता लगाया जा रहा है। इलाके में खोज अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि विमान और उसमें सवार पायलटों के बारे में जानकारी मिल सके। सुखोई Su‑30MKI भारतीय वायु सेना के सबसे उन्नत और ताकतवर लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है। यह दो इंजन वाला मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसका इस्तेमाल वायु रक्षा, लंबी दूरी की स्ट्राइक और निगरानी जैसे महत्वपूर्ण मिशनों में किया जाता है। फिलहाल वायु सेना की टीमें घटनास्थल का पता लगाने में जुटी हुई हैं। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, इस मामले में और अपडेट मिलने की उम्मीद है।