कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। यहां शौच के लिए घर से बाहर गई लगभग 21 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता के अनुसार वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी, तभी आरोपी ने उसे जबरन अपने कब्जे में लेकर गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी तरह युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पीड़िता की हालत नाजुक है। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी के चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 06 मार्च 2026 को थाना विशुनपुरा पर सूचना प्राप्त हुई कि लगभग 21 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय यादव पुत्र राजेश यादव (उम्र लगभग 27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर पूर्णतः शांति व्यवस्था कायम है। वहीं मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज ने भी बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।