डीके शिवकुमार का आरोप-कांग्रेस विधायकों को खरीदने 4 लोग आए:राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ ऑफर किए; 2 हिरासत में

कर्नाटक के बेंगलुरु में राज्यसभा चुनाव से पहले राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने आरोप लगाया कि ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को क्रॉस-वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। डीके शिवकुमार ने बताया कि ओडिशा के चार लोग बेंगलुरु के पास बिदादी स्थित एक रिसॉर्ट में पहुंचे थे, जहां ओडिशा कांग्रेस के विधायक ठहरे हुए हैं। उन्होंने विधायकों को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग करने के बदले 5-5 करोड़ रुपये देने का ऑफर दिया। शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और तुरंत पार्टी नेतृत्व को इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक चार लोगों में से दो मौके से भाग गए, जबकि दो को पकड़ लिया गया। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों के पास ब्लैंक चेक भी मिले हैं। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है और मामले में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शिवकुमार ने इसे बीजेपी का ऑपरेशन लोटस बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस नेता बोले- ऑफर ठुकराने पर जान से मारने की धमकी इस मामले में ओडिशा कांग्रेस विधायक दल के डिप्टी लीडर अशोक कुमार दास ने भी बिदादी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि चार अज्ञात लोगों ने कुछ विधायकों से संपर्क कर उन्हें राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग करने के लिए करोड़ों रुपये का ऑफर दिया। दास ने यह भी आरोप लगाया कि जब विधायकों ने ऑफर ठुकरा दिया तो उन्हें ओडिशा लौटने पर जान से मारने की धमकी दी गई। बेंगलुरु में रुके थे 8 विधायक ओडिशा के आठ कांग्रेस विधायक 12 मार्च से बेंगलुरु के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे। राज्यसभा चुनाव से पहले हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका के चलते उन्हें यहां लाया गया था। ओडिशा की 4 सीटों पर राज्यसभा चुनाव सोमवार को चुनाव होने हैं। कांग्रेस और बीजू जनता दल ने एक-एक उम्मीदवार उतारा है, जबकि बीजेपी ने अतिरिक्त उम्मीदवार मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।