ओवल ऑफिस में जूतों पर बहस: बड़े साइज ने छेड़ी ‘मर्दानगी’ और फैशन की चर्चा

मध्यकालीन यूरोप में रईसों के लंबे, नुकीले जूते अक्सर फैशन के साथ विवाद भी खड़े करते थे। अब कुछ वैसी ही दिलचस्प चर्चा अमरीकी सत्ता के केंद्र ओवल ऑफिस में जूतों को लेकर छिड़ी है। हाल की तस्वीरों में विदेश मंत्री मार्को रूबियो और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के काले ड्रेस शूज कुछ ढीले दिखाई दिए। जूते और पैर के बीच इतना फासला कि टखना जैसे भीतर झूलता नजर आया। बताया जाता है कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगियों को अचानक फ्लोर्शीम ब्रांड के ऑक्सफोर्ड जूते भेंट किए जिन्हें न केवल उन्होंने स्वीकार कर लिया बल्कि पहन भी लिया। मगर फैशन विशेषज्ञों का कहना है कि इन जूतों का फिट साफ तौर पर जरूरत से ज्यादा बड़ा लग रहा है। इससे पुरुषों के जूते की साइज को लेकर फैशन, मनोविज्ञान और बाजार—तीनों पर चर्चा छिड़ गई है। दरअसल जूतों के साइज का मामला उतना सीधा नहीं है, जितना यह नजर आता है – इसमें ब्रांड, बनावट और पुरुषों की अपनी धारणाएं भी भूमिका निभाती हैं।