तेल-गैस संकट पर सरकार ने कहा:यह दुनिया के लिए परीक्षा की घड़ी, भारत इससे अछूता नहीं; युद्ध के कारण LPG चिंता का विषय

केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों ने गुरुवार को जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेस्ट एशिया में जारी तनाव के कारण तेल और गैस संकट पर मौजूदा हालात की जानकारी दी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए परीक्षा की घड़ी है। पेट्रोलियम मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग एवं ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि युद्ध के कारण LPG की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। हालांकि, देश में किसी भी LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास सिलेंडर की कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, देश में ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94% हो गई है। करीब 83% रिफिल डिलीवरी ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेट’ कोड के जरिए हो रही है। पैनिक बुकिंग में कमी आ रही है। 18 मार्च को करीब 57,000 रिफिल बुकिंग हुईं और LPG सिलेंडर की सप्लाई सामान्य है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि हालांकि, सरकार ने कॉमर्शियल LPG उपभोक्ताओं से LPG से CNG में शिफ्ट करने की अपील की है। सरकार ने बताया कि कई कंपनियों ने इसके लिए इंसेंटिव भी घोषित किए हैं।