देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने कई राज्यों के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। बीते दो दिन से गरज-चमक व तूफानी हवाओं के साथ मौसम की धूम मची है। हिमालयी रेंज में भारी बर्फबारी होने के साथ ही उत्तर-पश्चिम, मध्य, दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश व ओलावृष्टि ने तर कर दिया। उत्तराखंड के केदारनाथ और गंगोत्री धाम में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के कारण देशभर के राज्यों के तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मार्च तक कई राज्यों में बारिश व कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा।