बंगाल में आज आ सकती है सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट:27 लाख वोटरों पर असर; दावा- काम के दबाव में एक और BLO की मौत

पश्चिम बंगाल में आज सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट जारी हो सकती है। चुनाव आयोग के मुताबिक, ‘अंडर एडजुडिकेशन’ में रखे गए करीब 60 लाख वोटरों में से 27 लाख के मामलों का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। दरअसल, 28 फरवरी को जारी फाइनल वोटर लिस्ट में करीब 60 लाख वोटरों को ‘अंडर एडजुडिकेशन’ में रखा गया था। यानी जिनके दस्तावेज या पात्रता पर संदेह था, उनके नाम पर अंतिम फैसला रोककर जांच शुरू की गई। इनमें से 27 लाख मामलों का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। इन वोटरों के नाम रखने या हटाने का फैसला सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा। इसी बीच मालदा में एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि काम के दबाव की वजह से उनकी जान गई। मालदा में BLO की मौत, परिवार ने काम के दबाव का आरोप लगाया मालदा जिले में एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। 54 साल के BLO उत्पल ठाकुर चांचल-II ब्लॉक के एक बूथ पर तैनात थे। परिवार का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान उन पर लगातार काम का दबाव था। उनके बूथ पर करीब 110 वोटर ‘अंडर एडजुडिकेशन’ में थे। जिससे लोग लगातार उनसे जानकारी लेने पहुंच रहे थे। हालांकि इस मामले में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। 63.66 लाख नाम हटे, 60 लाख की जांच जारी SIR प्रक्रिया के बाद अब तक 63.66 लाख नाम हटाए जा चुके हैं, जो कुल वोटरों का करीब 8.3% है। इससे वोटर बेस 7.66 करोड़ से घटकर 7.04 करोड़ रह गया है। वहीं, 60 लाख से ज्यादा वोटर अब भी ‘अंडर एडजुडिकेशन’ में हैं, जिन पर आगे फैसला होना है। 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग, 4 मई को काउंटिंग पश्चिम बंगाल के 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को दो फेज में वोटिंग होगी। 4 मई को रिजल्ट आएगा। 4 राज्यों में SIR, तमिलनाडु में सबसे ज्यादा नाम कटे जिन पांच राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें SIR के बाद तमिलनाडु से सबसे ज्यादा वोटर्स के नाम कटे हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को SIR प्रक्रिया शुरू होने के दौरान राज्य में कुल 6,41,14,587 वोटर थे। करीब चार महीने चली SIR में 74,07,207 लोगों के नाम हटाए गए हैं। राज्य में अब 5,67,07,380 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं पश्चिम बंगाल दूसरे नंबर पर है जहां करीब 58 लाख लोगों के नाम कटे हैं। फिर केरल में 8 लाख, असम में 2 लाख और पुडुचेरी में सबसे कम 77 हजार लोगों के नाम SIR प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से हटाए गए। असम में स्पेशल रिवीजन (SR) कराया गया था। ------------- ये खबर भी पढ़ें… प. बंगाल, 60 लाख वोटर जांच के घेरे में:मुर्शिदाबाद और मालदा में 19 लाख के डॉक्यूमेंट्स पेंडिंग; भाजपा ने कहा- घुसपैठियों पर कार्रवाई पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी थी। लिस्ट के मुताबिक, राज्य के करीब 60.06 लाख वोटर्स के दस्तावेज अभी भी जांच के घेरे में थे। इनमें सबसे बड़ी संख्या मुस्लिम बहुल और सीमावर्ती जिलों की है। आयोग ने राज्य की मतदाता सूची से कुल 63.66 लाख नाम हटा दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें…