देशभर में महानवमी और राम जन्मोत्सव की धूम; आज सिद्धिदात्री माता और प्रभु श्री राम का विशेष पूजन... जानें कन्या पूजन का महत्व
Sudarshan News

देशभर में महानवमी और राम जन्मोत्सव की धूम; आज सिद्धिदात्री माता और प्रभु श्री राम का विशेष पूजन... जानें कन्या पूजन का महत्व

आज 27 मार्च 2026 को संपूर्ण भारतवर्ष भक्ति और शक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बन रहा है। आज चैत्र नवरात्रि की महानवमी का पावन पर्व है, जो माँ दुर्गा के नौवें स्वरूप, माँ सिद्धिदात्री को समर्पित है। इसके साथ ही, आज ही के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव भी अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शास्त्रों के अनुसार, आज का दिन समस्त सिद्धियों की प्राप्ति और धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। आज के दिन माँ सिद्धिदात्री की पूजा से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सुबह से ही श्रद्धालु माता रानी को हलवा, पूरी और काले चने का भोग लगा रहे हैं। नवरात्रि का यह अंतिम दिन कन्या पूजन के बिना अधूरा माना जाता है। भक्त छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनके चरण पखार रहे हैं और उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। आज का दिन नारी शक्ति के सम्मान का भी महापर्व है। महानवमी के साथ-साथ आज अयोध्या समेत देशभर के मंदिरों में 'भए प्रगट कृपाला' के जयघोष गूँज रहे हैं। दोपहर 12 बजे प्रभु श्री राम का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। आज 'सर्वार्थ सिद्धि योग' का भी अद्भुत संयोग बन रहा है, जो दोपहर 03:25 तक रहेगा। इस विशेष योग में की गई पूजा और दान-पुण्य का फल अक्षय माना गया है। सुदर्शन न्यूज़ इस पावन अवसर पर समस्त देशवासियों के लिए सुख, शांति और अखंड सौभाग्य की मंगल कामना करता है।

Go to News Site