सीमा पार से हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा; अमृतसर पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार... जब्त हुई विदेशी पिस्तौलें | Collector
सीमा पार से हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा; अमृतसर पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार... जब्त हुई विदेशी पिस्तौलें
Sudarshan News

सीमा पार से हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा; अमृतसर पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार... जब्त हुई विदेशी पिस्तौलें

पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस टीम, अमृतसर ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 10 आधुनिक विदेशी पिस्तौलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी रेशम सिंह और तरनतारन निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों में विभिन्न देशों में निर्मित पिस्तौलें शामिल हैं, जिनमें तुर्की, ऑस्ट्रिया, अमेरिका और चीन में बनी पिस्तौलें प्रमुख हैं। इनके साथ कई मैगजीन भी जब्त की गई हैं। आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिसका उपयोग हथियारों के परिवहन में किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विदेश में बैठे एक अपराधी के निर्देश पर कार्य कर रहा था और पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ मिलकर ड्रोन के माध्यम से भारत में हथियार भेजे जा रहे थे। इन हथियारों को पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों के लिए पहुंचाया जाना था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अमृतसर के पास एक स्थान पर हथियारों की खेप का आदान-प्रदान करने वाले हैं। इस पर तुरंत घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके और इस अवैध तंत्र को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

Go to News Site