Sudarshan News
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) इन्द्रप्रस्थ इकाई ने बकरीद पर्व से पहले दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का समर्थन किया है। विहिप के प्रांत मंत्री सुरेन्द्र गुप्ता ने बयान जारी कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा के प्रयासों की प्रशंसा की। विहिप की ओर से कहा गया कि सरकार ने सार्वजनिक व्यवस्था, स्वच्छता और जनहित को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। संगठन ने विशेष रूप से उन निर्देशों का उल्लेख किया जिनमें प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर रोक और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी नहीं करने के आदेश शामिल हैं। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार गौवंश, बछड़ा, ऊंट और अन्य प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को गैरकानूनी बताया गया है। नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई और आपराधिक मुकदमा दर्ज करने का प्रावधान भी रखा गया है। सरकार ने गलियों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को खुले स्थानों, नालियों या सीवर में फेंकने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। केवल निर्धारित और वैध स्थानों पर ही इसकी अनुमति होगी। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आम नागरिक पुलिस और संबंधित सरकारी विभागों को सीधे सूचना दे सकते हैं। विहिप ने इसे कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया। विहिप इन्द्रप्रस्थ ने कहा कि संगठन इन नियमों के पालन को लेकर जागरूकता फैलाने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करेगा। संगठन ने कहा कि ऐसे कदम शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायक साबित होंगे।
Go to News Site