Sudarshan News
इनपुट- अंशुमान दुबे, लखनऊ उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन जनपद लखनऊ में सुरक्षा, पारदर्शिता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाख जी0 एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत क्विंटन रोड स्थित क्वींस एंग्लो संस्कृत विद्यालय से हुई, जहां अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया। इसके उपरांत नारी शिक्षा निकेतन डिग्री कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (छोटी जुबली) तथा राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज का निरीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त ने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्मार्ट मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी विशाख जी0 ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक प्रशासनिक प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती के साथ-साथ सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है, जो लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद लखनऊ के कुल 55 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में 22,656 अभ्यर्थी सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं पारदर्शिता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में 71.02% तथा द्वितीय पाली में 71.42% अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
Go to News Site