Sudarshan News
इनपुट- अंशुमान दुबे, लखनऊ पक्का पुल से सीतापुर रोड तक 3.37 किलोमीटर लंबी बंधा रोड 15 मीटर तक चौड़ी होगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 38 करोड़ रूपये की लागत से स्थल पर कार्य शुरू करा दिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को परियोजना का निरीक्षण करके इस वर्ष के अंत तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि पक्का पुल से प्रियदर्शिनी योजना होते हुए सीतापुर रोड से कनेक्ट होने वाली यह बंधा रोड वर्तमान में 05 मीटर चौड़ी है। इस रोड पर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। यहां आये दिन ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है, जोकि पीक आवर्स में बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए बंधा रोड को 15 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। जिसके लिए मौके पर मिट्टी भरायी का कार्य शुरू करा दिया गया। दिसम्बर, 2026 तक कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा और सड़क पर वाहन फर्राटा भरेंगे। बंधा रोड का चौड़ीकरण होने से खदरा, मदेयगंज, फैजुल्लागंज, प्रियदर्शिनी योजना समेत आसपास की लगभग 10 लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी माधवेश कुमार एवं वंदना पाण्डेय, नजूल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं नीरज कुमार समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे। अलीगंज स्थित एलडीए स्टेडियम में स्वीमिंग पूल, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट व नया बास्केटबॉल कोर्ट बनेगा। इससे लोगों को नयी और बेहतर खेल सुविधाएं प्राप्त होंगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्टेडियम का निरीक्षण करके इस सम्बंध में निर्देश दिये हैं। स्टेडियम में पहले से निर्मित जिम अभी निष्प्रयोज्य है। उपाध्यक्ष ने जिम में सुविधाओं को उच्चीकृत करके इसे शीघ्र संचालित करने के भी निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्यों को समय से पूरा न करने पर कार्रवाई की जाएगी। जानकीपुरम में कुर्सी रोड पर सरगम अपार्टमेंट के पास रिक्त पड़ी लगभग 14,800 वर्गमीटर भूमि पर कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण व हॉर्टीकल्चर के कार्य कराये जाएंगे। उपाध्यक्ष ने स्थल निरीक्षण करके इस बाबत निर्देश दिये हैं। उपाध्यक्ष ने जानकीपुरम में मौर्या विहार से जानकी विहार कालोनी के मध्य 1600 मीटर लंबे आरसीसी नाले के निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी। 03 करोड़ रूपये की लागत से नाले का निर्माण होने से 02 लाख की आबादी को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगा।
Go to News Site