Collector
गौसेवा को नई दिशा; रेखा गुप्ता सरकार का 20 करोड़ से अधिक का बड़ा कदम | Collector
गौसेवा को नई दिशा; रेखा गुप्ता सरकार का 20 करोड़ से अधिक का बड़ा कदम
Sudarshan News

गौसेवा को नई दिशा; रेखा गुप्ता सरकार का 20 करोड़ से अधिक का बड़ा कदम

राजधानी में निराश्रित गौवंश के संरक्षण और पशु कल्याण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में गौशालाओं के लिए वित्तीय सहायता और लीज विस्तार से संबंधित प्रमाणपत्र वितरित किए। इस अवसर पर गौशालाओं में आधुनिक बायोगैस संयंत्र स्थापित करने के लिए भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय, समुचित आहार और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 10 आधुनिक गौशालाओं के विकास का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है, जहां उन्नत सुविधाओं के साथ गौसेवा सुनिश्चित की जाएगी। आगे चलकर 40 गौशालाओं को विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग के अंतर्गत संचालित चार गौशालाओं- सुल्तानपुर डबास, रेवला खानपुर, हरेवली और सुरहेड़ा—के प्रतिनिधियों को चारा व्यय, लंबित भुगतान तथा लीज नवीनीकरण से संबंधित आदेश सौंपे गए। ये गौशालाएं स्थानीय निकायों द्वारा लाए गए निराश्रित पशुओं की देखभाल, पोषण और उपचार का कार्य करती हैं। सरकार द्वारा कुल 20.26 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसमें 7.64 करोड़ रुपये जून 2024 से मार्च 2025 तक के लंबित भुगतान के लिए तथा 12.62 करोड़ रुपये अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक के चारे के व्यय हेतु दिए गए हैं। साथ ही, लंबे समय से लंबित लाइसेंस और लीज समझौतों का नवीनीकरण भी किया गया है, जिससे गौशालाओं का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशालाएं केवल आश्रय स्थल नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और संवेदनशीलता के केंद्र हैं। उन्होंने बल दिया कि सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित पशुओं, विशेषकर गायों, का संरक्षण समाज और सरकार दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पशु उपेक्षित न रहे और उसे सम्मानजनक जीवन प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि गौशालाओं का सुचारु संचालन केवल आर्थिक सहायता से नहीं, बल्कि समाज के सहयोग और मानवीय दृष्टिकोण से ही संभव है। भविष्य में सरकार गौशाला प्रबंधन के साथ मिलकर उन्नत तकनीक, बेहतर चारा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में कार्य करेगी। कार्यक्रम में उपस्थित गौशाला प्रतिनिधियों ने सरकार द्वारा समय पर सहायता प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया और गौवंश की सेवा एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Go to News Site