Collector
विद्या भारती पत्रकार वार्ता 2026; शिक्षा में नवाचार और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों की झलक | Collector
विद्या भारती पत्रकार वार्ता 2026; शिक्षा में नवाचार और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों की झलक
Sudarshan News

विद्या भारती पत्रकार वार्ता 2026; शिक्षा में नवाचार और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों की झलक

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ने महाशय चुन्नीलाल सरस्वती बाल मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हरि नगर में “अखिल भारतीय पत्रकार वार्ता 2026” का सफल आयोजन किया। इस मौके पर संस्थान ने देश की वर्तमान शिक्षा प्रणाली, अपने शैक्षिक प्रयास, वर्षभर की उपलब्धियां और आने वाले लक्ष्यों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। अखिल भारतीय महामंत्री देशराज शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश की संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थी अपनी जड़ों से जुड़े रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने यह भी बताया कि विद्या भारती का उद्देश्य बच्चों को सांस्कृतिक आधार से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी गई कि विद्या भारती देशभर में लगभग 24,000 औपचारिक और अनौपचारिक विद्यालयों के माध्यम से संस्कारनिष्ठ और समग्र शिक्षा प्रदान कर रहा है। संस्थान के 11 क्षेत्रीय कार्यालय, 46 प्रांतीय समितियां और 684 जिलों में सक्रिय उपस्थिति के माध्यम से व्यापक स्तर पर शिक्षा का कार्य किया जा रहा है। विद्या भारती के विद्यालयों में लगभग 33 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि 1.5 लाख से अधिक शिक्षक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, सेवा क्षेत्र के माध्यम से 2.5 लाख से अधिक बच्चों को निःशुल्क एवं आधारभूत शिक्षा दी जा रही है। संस्थान ग्रामीण, वनवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में एकल विद्यालय और संस्कार केंद्रों के माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का प्रसार कर रहा है। संस्थान की शिक्षा पद्धति में शारीरिक शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा, मातृभाषा में शिक्षा और पंचपदी शिक्षण पद्धति शामिल है, जिससे विद्यार्थियों का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित होता है। विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए देशभर के 507 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब (ATL) स्थापित की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित हो रही है। संस्थान ने यह भी जानकारी दी कि वह नई शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी कार्यान्वयन और भारतीय संस्कृति आधारित आधुनिक शिक्षा पद्धति के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके तहत विषय विशेषज्ञों को प्रशिक्षित कर विद्यालय स्तर तक प्रशिक्षण पहुँचाया जा रहा है। इस पत्रकार वार्ता में संगठन के अखिल भारतीय महामंत्री गोविंद चंद महंत, उत्तर क्षेत्र की अध्यक्ष सुखराज सेठिया, मंत्री गीता आहूजा, संगठन मंत्री विजय नड्डा और दिल्ली प्रांत के महामंत्री डॉ. सतीश महेश्वरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्थान ने यह भी बताया कि 3 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक हरि नगर स्थित विद्यालय परिसर में वार्षिक साधारण सभा (AGM) आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से लगभग 350 प्रतिनिधि भाग लेंगे और आगामी शैक्षणिक योजनाओं, नीतियों और संगठनात्मक विषयों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

Go to News Site