Collector
सी.एम.एस. में अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव के फेस्टिवल लोगो एवं पोस्टर का हुआ अनावरण | Collector
सी.एम.एस. में अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव के फेस्टिवल लोगो एवं पोस्टर का हुआ अनावरण
Sudarshan News

सी.एम.एस. में अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव के फेस्टिवल लोगो एवं पोस्टर का हुआ अनावरण

इनपुट- श्वेता सिंह, लखनऊ, twitter- @shwetamedia207 सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव (आई.सी.एफ.एफ.-2026) के फेस्टिवल लोगों एवं फेस्टिवल पोस्टर का अनावरण आज यहाँ सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि डा. जेराल्ड जॉन मथाइस, विशय, कैथोलिक बर्च, लखनड एवं डा. अनिल रस्तोगी, प्रख्यात अभिनेता एवं थियेटर कलाकार, ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उ‌द्घाटन किया एवं अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव के लोगो एवं पोस्टर का अनावरण किया। बता दें कि सी.एम.एस. द्वारा 15वीं अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव 6 से 12 अप्रैल तक सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। इस सात-दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव में 53 देशों की 329 शैक्षिक बाल फिल्में निःशुल्क प्रदर्शित की जायेंगी। अनावरण समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि डा. जेराल्ड जॉन मथाइस, बिशप, कैथोलिक चर्च, लखनऊ ने कहा कि यह बाल फिल्मोत्सव लखनऊ के बच्चों व अभिभावकों के लिए सर्वोत्तम अवसर है, जहाँ वे विभिन्न देशों की शिक्षात्मक बाल फिल्मों का निःशुल्क आनन्द उठा सकते हैं एवं विभिन्न देशों की साँस्कृतिक विरासत से भी परिचित हो सकते हैं। डा. अनिल रस्तोगी, प्रख्यात अभिनेता एवं थियेटर कलाकार ने इस अवसर पर कहा कि इस अन्तर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव के माध्यम से सी.एम.एस. ने भावी पीढ़ी को जीवन मूल्यों की शिक्षा देने का बीड़ा उठाया है, जिसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बाल फिल्मोत्सव अभूतपूर्व सफल होगा। इस अवसर पर आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में बाल फिल्मोत्सव की विस्तृत जानकारी देते हुए सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि यह फिल्म फेस्टिवल मात्र मनोरंजन के लिए नहीं अपितु शिक्षा का एक अभिन्न अंग है। इस बाल फिल्मोत्सव के माध्यम से सी.एम.एस. सिर्फ अपने छात्रों को ही नहीं अपितु पूरे लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों के सभी बच्चों को चारित्रिक व नैतिक मूल्यों की सीख दे रहा है। उन्होंने लखनऊवासियों से पुरजोर अपील की कि वे अपने बच्चों को अच्छी फिल्में देखने को प्रेरित करें। इस बाल फिल्मोत्सव में फिल्म जगत की दिग्गज हस्तियों व कई नामचीन बाल कलाकार छात्रों व किशोरों के बीच शैक्षिक फिल्मों का उत्साह जगाने हेतु पधार रहे हैं। जिनमें बाल कलाकार यज्ञ भसीन, अभिनेता डा. अनिल रस्तोगी, राजेश खट्टर, ललित परीमू, अनिरुद्ध दवे, सलीम आरिफ, संजय स्वराज, रोहित भट्ट, चरनप्रीत, हरजसप्रीत एवं आरव शुक्ला के अभिनेत्री आरुषी निशंक, जूही परमार, लुबना सलीम एवं रेनिता कपूर शामिल हैं। इनके अलावा, फिल्म निदेशक सुशेन भटनागर एवं गायिका जानिया भोषले भी बाल फिल्मोत्सव की गरिमा बढ़ायेंगे। आई.सी.एफ.एफ.-2026 के फेस्टिवल डायरेक्टर अहमद हमीद शेख ने बताया कि बाल फिल्मोत्सव में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से 11.30 बजे तक एवं दोपहर 12.00 बजे से 2.30 बजे तक दो शो आयोजित किये जायेगे एवं बाल फिल्मों का प्रदर्शन सी.एम.एस. कानपुर रोड के मुख्य आडिटोरियम एवं 8 मिनी थियेटरों में किया जायेगा।

Go to News Site