Sudarshan News
इनपुट- अंशुमान दुबे, लखनऊ योगी सरकार ने इस बार बारिश से पहले विकास परियोजनाओं की सौगात देकर आमजन को बड़ी राहत दी है। इसी क्रम में सरोजनीनगर क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए किला मोहम्मदी ड्रेन की रीमॉडलिंग परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह उपलब्धि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के निरंतर प्रयासों, प्रतिबद्धता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके व्यक्तिगत फॉलो-अप का परिणाम है। लगभग 35 किलोमीटर से अधिक शहरी क्षेत्र को जलभराव से मुक्ति दिलाने वाली इस परियोजना से आशियाना, शारदा नगर, कानपुर रोड सहित 240 से अधिक गली-मोहल्लों को सीधा लाभ मिलेगा। शासन द्वारा ₹1 अरब 76 करोड़ 65 लाख की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया गया है। वर्ष 1983 से 1986 के बीच निर्मित किला मोहम्मदी ड्रेन, पकरी पुल के पास से होते हुए सई नदी तक जाती है। करीब 40 वर्ष पुरानी यह ड्रेन अब जर्जर और संकरी हो चुकी है, जिसके कारण जल निकासी बाधित हो रही थी और क्षेत्रवासियों को भारी जलभराव का सामना करना पड़ता था। अर्बन फ्लड, जल प्लावन नियंत्रण एवं स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज योजना के अंतर्गत इस परियोजना में वीआईपी रोड से इठुरिया पुलिया तक 7.156 किमी नाले का पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही 3.415 किमी डायवर्टिंग ड्रेन के साथ कुल 10.571 किमी में आधुनिक आरसीसी ड्रेन का निर्माण विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार किया जाएगा। परियोजना के तहत एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास नाले की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, कच्चे हिस्सों को आरसीसी में परिवर्तित किया जाएगा तथा ड्रेनेज सिस्टम को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप सुदृढ़ बनाया जाएगा, जिससे जल प्रवाह की गति भी बढ़ेगी। डॉ. राजेश्वर सिंह ने 23 अगस्त 2022 को सिटी मोंटेसरी स्कूल में आयोजित जल प्रबंधन विचार गोष्ठी में ही सरोजनीनगर को जलभराव से मुक्त करने का संकल्प लिया था। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने इस परियोजना को प्राथमिकता दी और लगातार अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए स्वयं इसकी मॉनिटरिंग की। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से कई बार व्यक्तिगत रूप से मिलकर और नियमित फॉलो-अप कर इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद आशियाना और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। मजबूत ड्रेनेज सिस्टम के कारण न तो सड़कों पर जलभराव होगा और न ही घरों में पानी भरने की समस्या उत्पन्न होगी, जिससे जनजीवन सुगम और सुरक्षित बनेगा।
Go to News Site