Sudarshan News
इनपुट- अंशुमान दुबे, लखनऊ आज मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे , लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा लखनऊ स्टेशन का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर RLDA के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर प्रस्तावित नए प्लेटफॉर्म संख्या 8 एवं 9 के निर्माण हेतु चयनित स्थल का गहन अवलोकन किया गया। साथ ही स्टेशन पर वर्तमान में चल रहे ब्लॉक कार्यों (इन्फ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन कार्य) का भी निरीक्षण कर उनकी प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा की गई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की व्यवहार्यता, उपलब्ध स्थान, यात्री प्रवाह, सुरक्षा मानकों एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देशित किया कि प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य को इस प्रकार नियोजित किया जाए जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा प्राप्त हो, भीड़-भाड़ में कमी आए तथा ट्रेनों के परिचालन में सुगमता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, संकेतक प्रणाली एवं सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है तथा इसी क्रम में लखनऊ स्टेशन के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
Go to News Site