Collector
लखनऊ तैयार है खेल की नई उड़ान के लिए, सांसद खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न | Collector
लखनऊ तैयार है खेल की नई उड़ान के लिए, सांसद खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
Sudarshan News

लखनऊ तैयार है खेल की नई उड़ान के लिए, सांसद खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

इनपुट- अंशुमान दुबे, लखनऊ सांसद खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी द्वारा आज केडी सिंह बाबू स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, डीसीपी ट्रैफिक, अपर नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि यह आयोजन जिसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, ऊर्जा एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। सांसद खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन 13 से 15 अप्रैल 2026 तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह 13 अप्रैल को प्रातः 9:30 बजे आयोजित होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी। प्रथम चरण में लखनऊ संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभा क्षेत्रों—लखनऊ मध्य, पूर्व, उत्तर, पश्चिम एवं कैंट में जूनियर एवं सीनियर वर्ग (पुरुष/महिला) की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। द्वितीय चरण में इन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी 13 से 15 अप्रैल तक आयोजित मुख्य महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। महाकुंभ में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, हॉकी एवं बॉक्सिंग जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही मलखम्ब, कलारीपयट्टू एवं योग जैसे पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। लगभग 2400 खिलाड़ी इस आयोजन में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मुख्य आयोजन के दौरान छाया हेतु टेंट, पेयजल, चिकित्सा टीम, एम्बुलेंस एवं फायर टेंडर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुगम व्यवस्था हेतु प्रवेश-निकास, दीर्घा एवं पार्किंग का विस्तृत माइक्रो मैनेजमेंट प्लान एवं मैप संस्थानों को उपलब्ध कराया गया है। नगर निगम को निर्देशित किया गया कि स्टेडियम परिसर एवं पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक ब्लॉक में मेडिकल स्टाफ, दवाइयां, फर्स्ट एड, ओआरएस एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Go to News Site