Sudarshan News
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इसे पार्टी ने भरोसा पत्र नाम दिया है, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में जारी किया। इस दौरान पार्टी ने राज्य के विकास, सुरक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े वादे किए। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में बेरोजगार युवाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए भी कई योजनाएं शामिल की गई हैं। पार्टी ने दावा किया है कि सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में हर महीने सहायता राशि भेजी जाएगी, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। घोषणापत्र में एक बड़ा राजनीतिक वादा समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी किया गया है। बीजेपी ने कहा है कि सरकार बनने के छह महीने के भीतर राज्य में UCC लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने और घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई करने का भी ऐलान किया गया है। बीजेपी ने यह भी कहा कि घुसपैठ रोकने के लिए सीमाओं पर सख्ती बढ़ाई जाएगी और अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। साथ ही सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता सुनिश्चित करने और सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा भी किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना को राज्य में लागू करने की बात कही गई है, जिससे लोगों को इलाज में राहत मिलेगी। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की सहायता और 75 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है। शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में भी बड़े वादे किए गए हैं। उत्तर बंगाल में IIT, AIIMS और IIM जैसे संस्थान खोलने की योजना का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा कोलकाता को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए मेट्रो विस्तार, बंदरगाह विकास और औद्योगिक सुधारों पर जोर दिया गया है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र को विकास, सुरक्षा और सुशासन का रोडमैप बताते हुए कहा है कि यह दस्तावेज पश्चिम बंगाल को नए बदलाव की दिशा में ले जाएगा।
Go to News Site