Collector
DU में सीएम रेखा गुप्ता की पहल; नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बढ़ा जनसहभाग | Collector
DU में सीएम रेखा गुप्ता की पहल; नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बढ़ा जनसहभाग
Sudarshan News

DU में सीएम रेखा गुप्ता की पहल; नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बढ़ा जनसहभाग

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के आर्ट्स फैकल्टी परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में चल रहे हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रशासन और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब महिलाएं निर्णय लेने वाले पदों पर पहुंचेंगी, तभी समाज और परिवार से जुड़े मुद्दों का बेहतर समाधान संभव होगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया और अनमोल जैसी योजनाएं इसी सोच के साथ शुरू की गई हैं, जो महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उचित स्थान दिलाने की दिशा में बड़ा प्रयास है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटी बचाओ से आगे बढ़कर बेटी बढ़ाओ की दिशा में ठोस कदम है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि महिलाओं के प्रतिनिधित्व की मांग कई वर्षों से उठती रही है और अब इसे कानून का रूप मिल चुका है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और इसे जन भागीदारी का रूप दें। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में छात्राओं और महिला शिक्षकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने चाय पर चर्चा के दौरान उनकी राय और सुझाव सुने। इस संवाद के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि और नागरिकों के बीच सीधा संपर्क ही मजबूत और प्रभावी व्यवस्था की आधारशिला होता है। इस मौके पर लोगों से अपील की गई कि वे मिस्ड कॉल के माध्यम से भी इस अभियान का समर्थन करें।

Go to News Site