Sudarshan News
वृंदावन में केशी घाट के पास यमुना नदी में नाव पलटने से हुए हादसे में जगराओं के पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस दुर्घटना में कुल दस लोगों की जान गई थी, जिनमें से पांच मृतक जगराओं के रहने वाले थे। शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने शवों को एंबुलेंस के जरिए सुरक्षा व्यवस्था के बीच जगराओं भेजा, जो शनिवार सुबह शहर पहुंचे। शवों के जगराओं पहुंचते ही बस अड्डा चौक और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। मृतकों की पहचान मधुर बहल, उनकी माता कविता बहल, चाचा चरणजीत बहल, चाची पिंकी बहल और ईशान कटारिया के रूप में हुई है। शवों को उनके घरों तक पहुंचाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दोपहर में शहर के श्मशान घाट में अलग-अलग समय पर सभी का अंतिम संस्कार किया गया, इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पीड़ित परिवारों से मिलने जगराओं पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे में अभी भी चार लोग लापता हैं और उनकी तलाश जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा संबंधित सरकारों से समन्वय कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Go to News Site