Collector
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में गूंजा संदेश; महिलाएं अब देश की निर्णय शक्ति का केंद्र बनेंगी | Collector
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में गूंजा संदेश; महिलाएं अब देश की निर्णय शक्ति का केंद्र बनेंगी
Sudarshan News

नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में गूंजा संदेश; महिलाएं अब देश की निर्णय शक्ति का केंद्र बनेंगी

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश के विकास, प्रगति और वैश्विक पहचान में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए लागू की गई नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिलाओं के संघर्ष और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में सती प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को पार कर आज की नारी ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश अब ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ से आगे बढ़कर ‘बेटी बढ़ाओ’ के युग में प्रवेश कर चुका है। सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को सामाजिक सम्मान के साथ आर्थिक स्वतंत्रता भी प्रदान की है। उन्होंने वर्ष 2014 के बाद हुए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत बने शौचालयों ने महिलाओं की गरिमा को बढ़ाया है, उज्ज्वला योजना ने उन्हें धुएं से मुक्ति दिलाई है और जनधन योजना ने उन्हें बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। आज महिलाएं शिक्षा, खेल और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी देश का नाम रोशन कर रही हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह साबित किया है कि नेतृत्व क्षमता किसी लिंग पर निर्भर नहीं होती। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का यह प्रावधान महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा और देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं के सशक्त नेतृत्व का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से इस अभियान का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि सभी महिलाएं इस ऐतिहासिक पहल से जुड़कर महिला नेतृत्व वाले विकास को मजबूत करें।

Go to News Site