Collector
बिहार में नई सरकार की तैयारी अंतिम चरण में... NDA बैठक में CM चेहरे पर लगेगी मुहर; इस दिन शपथ ग्रहण | Collector
बिहार में नई सरकार की तैयारी अंतिम चरण में... NDA बैठक में CM चेहरे पर लगेगी मुहर; इस दिन शपथ ग्रहण
Sudarshan News

बिहार में नई सरकार की तैयारी अंतिम चरण में... NDA बैठक में CM चेहरे पर लगेगी मुहर; इस दिन शपथ ग्रहण

बिहार की राजनीति में कई दिनों से जारी अनिश्चितता अब खत्म होने की कगार पर है। संकेत मिल रहे हैं कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन तय हो चुका है और जल्द ही नई सरकार की बागडोर किसी नए चेहरे को सौंपी जाएगी। जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे पटना स्थित राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां नई सरकार औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी। हालांकि सरकार गठन की तारीख तय हो चुकी है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है—अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसको लेकर अंतिम निर्णय मंगलवार को होने वाली अहम बैठकों के बाद सामने आएगा। राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर उत्सुकता चरम पर है। मंगलवार, 14 अप्रैल को बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़ आने की संभावना है। सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट की अहम बैठक करेंगे, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। इसके बाद संभावना जताई जा रही है कि वह दोपहर या शाम तक अपना इस्तीफा राजभवन को सौंप देंगे। उनके इस्तीफे के साथ ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी और एनडीए नए नेता के चयन में जुट जाएगा। मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए मंगलवार को दो महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। दोपहर 2 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसकी जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान संभालेंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में पार्टी अपने नेता के नाम पर सहमति बना सकती है। इसके बाद शाम 4 बजे एनडीए सहयोगी दलों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें औपचारिक रूप से नए नेता के नाम का ऐलान किया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि इस घोषणा में नीतीश कुमार की भूमिका अहम हो सकती है। मुख्यमंत्री पद के लिए फिलहाल उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। संभावना है कि उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा, पार्टी के भीतर महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। कुछ महिला विधायकों के नाम भी चर्चा में हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि बीजेपी इस बार कोई अलग रणनीति अपना सकती है। शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी 15 अप्रैल 2026 को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। राजभवन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और विशिष्ट अतिथियों की सूची भी तैयार की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मंत्रिमंडल के गठन और विभागों के बंटवारे को लेकर भी लगभग सहमति बन चुकी है। अब सभी की नजर मंगलवार शाम पर टिकी है, जब बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम से पर्दा उठेगा।

Go to News Site