Sudarshan News
*दिनांक: 14 अप्रैल 2026* *गाजियाबाद।* महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के नेतृत्व में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ज्योति मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सौरभ भट्ट, अपर जिलाधिकारी सिटी विकास कश्यप तथा अपर जिलाधिकारी (भूमि अधिग्रहण) अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, व्यक्तित्व एवं उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें आत्मसात करने का आह्वान किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुषों की जयंती का आयोजन उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों को समाज में प्रसारित करने का माध्यम है, जिससे नई पीढ़ी प्रेरणा प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर भारतीय संविधान के शिल्पकार थे, जिनके द्वारा निर्मित संविधान के परिणामस्वरूप देश में शांति, सुव्यवस्था एवं विकास की निरंतरता बनी हुई है। उन्होंने सभी से सामाजिक समरसता बनाए रखने, नियमों का पालन करने तथा सोशल मीडिया के वर्तमान परिवेश में संयम एवं जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह विधि व्यवस्था का सम्मान करते हुए कानून का पालन सुनिश्चित करें, जिससे समाज में अनुशासन एवं स्थिरता बनी रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मध्य मिष्ठान वितरण किया गया।
Go to News Site