Sudarshan News
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) 15 से 18 अप्रैल 2026 तक बिहार के मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में एक विशाल प्रदर्शनी आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद और संसदीय रक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष राधा मोहन सिंह करेंगे। प्रदर्शनी की थीम है “शांति, सत्य और विज्ञान का संगम: सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की ओर”। इस प्रदर्शनी में देश की उन्नत रक्षा प्रणालियों और आधुनिक तकनीकों की विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। इसमें एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम, आकाश मिसाइल प्रणाली, ब्रह्मोस और पृथ्वी जैसी प्रमुख मिसाइलें, एंटी-सैटेलाइट तकनीक, नाग एंटी-टैंक मिसाइल, प्रलय मिसाइल और अन्य अत्याधुनिक हथियार प्रणालियां शामिल होंगी। इसके अलावा उन्नत तोप प्रणाली, पिनाका रॉकेट लॉन्चर, अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक, हल्के टैंक, ड्रोन डिटेक्शन रडार और अत्याधुनिक रडार तकनीक भी प्रदर्शित की जाएगी। प्रदर्शनी में सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण उपकरण भी दिखाए जाएंगे, जैसे केमिकल एजेंट डिटेक्शन सिस्टम, CBRN सुरक्षा प्रणाली, पानी शुद्धिकरण तकनीक, ब्लास्ट प्रोटेक्शन सूट, बैलिस्टिक हेलमेट और अन्य रक्षा सामग्री। साथ ही कावेरी इंजन के प्रोटोटाइप और उसके आधुनिक डिस्प्ले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। युवाओं को प्रेरित करने की पहल इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं को देश की रक्षा तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। यह प्रदर्शनी लोगों को यह समझने का अवसर देगी कि किस प्रकार DRDO देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Go to News Site