Dainik Bhaskar
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के दिग्गज मंत्री संजीव अरोड़ा पर ED की रेड हुई है। जांच एजेंसी की टीमें शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ही लुधियाना के गुरदेव नगर स्थित उनके घर (कोठी नंबर- 3311) में पहुंच गईं। इसके बाद बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात कर अंदर-बाहर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई। जिस वक्त रेड हुई, मंत्री घर पर नहीं थे। लुधियाना के अलावा जालंधर में भी रियल एस्टेट कारोबारी हेमंद सूद के ठिकानों पर ED ने रेड की है। सूद हैंम्पटन होम के डायरेक्टर हैं और संजीव अरोड़ा के करीबी माने जाते हैं। हेमंत सूद के लुधियाना में सराभा नगर स्थित कोठी नंबर 175-I पर भी रेड चल रही है। ED से जुड़े सोर्सेज के अनुसार मंत्री पर यह रेड जमीन सौदे को लेकर हुई है। सोर्सेज के मुताबिक ED को शक है कि मंत्री अरोड़ा ने सूद के साथ मिलकर हैम्पटन होम्स वाली जमीन का चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) गलत तरीके से किया। जिसके बाद इंडस्ट्रियल जमीन को रेजिडेंशियल में बदल दिया गया। इस में नियमों को अनदेखा किया गया। ED की रेड होते ही केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने सोशल मीडिया पर मंत्री संजीव अरोड़ा की फोटो लगाकर लिखा- सब फड़े जाणगे (सब पकड़े जाएंगे)। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले AAP के किसी सीनियर नेता पर 3 दिन में यह दूसरी रेड है। इससे पहले AAP के राज्यसभा सांसद व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और लवली ग्रुप के मालिक अशोक मित्तल के जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम के ठिकानों पर रेड हुई थी। इससे पहले भी 7 अक्टूबर 2024 को भी संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED रेड कर चुकी है। उस वक्त मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन धोखाधड़ी केस की जांच का दावा किया गया था। संजीव अरोड़ा पंजाब सरकार में अहम मंत्री हैं। उनके पास इंडस्ट्री और लोकल गवर्नमेंट का मंत्रालय है। पहले वह AAP से राज्यसभा सांसद थे। फिर 2025 में उन्होंने लुधियाना से विधानसभा उपचुनाव लड़ा। पहली बार MLA बनते ही वह मंत्री बन गए और उन्हें बड़े मंत्रालय सौंपे गए। मंत्री पर ED रेड से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Go to News Site