Collector
जर्मनी दौरे पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह; दोनों देशों की रक्षा संबंधों को मिलेगी नई गति... कई अहम समझौते भी संभव | Collector
जर्मनी दौरे पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह; दोनों देशों की रक्षा संबंधों को मिलेगी नई गति... कई अहम समझौते भी संभव
Sudarshan News

जर्मनी दौरे पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह; दोनों देशों की रक्षा संबंधों को मिलेगी नई गति... कई अहम समझौते भी संभव

केंद्र सरकार ने जानकारी दी है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 से 23 अप्रैल 2026 तक जर्मनी की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस दौरे का उद्देश्य भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक रक्षा संबंधों को और मजबूत करना है। इस यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री अपने जर्मन समकक्ष बोरिस पिस्टोरियस और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। वार्ता का मुख्य केंद्र रक्षा उत्पादन में साझेदारी को बढ़ावा देना, सैन्य सहयोग को मजबूत करना और उभरते क्षेत्रों जैसे साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ड्रोन तकनीक में अवसर तलाशना रहेगा। जानकारी के अनुसार, इस दौरान रक्षा औद्योगिक सहयोग से जुड़ा एक रोडमैप और संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों के प्रशिक्षण से संबंधित समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। दौरे के दौरान राजनाथ सिंह जर्मनी के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इसका उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत संयुक्त विकास और उत्पादन को प्रोत्साहित करना है। किसी भारतीय रक्षा मंत्री की जर्मनी यात्रा सात वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है। इससे पहले 2019 में निर्मला सीतारमण ने जर्मनी का दौरा किया था। वहीं, बोरिस पिस्टोरियस 2023 में भारत आ चुके हैं। भारत-जर्मनी संबंधों की मजबूत नींव भारत और जर्मनी के बीच संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और अंतरराष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था पर आधारित हैं। हाल के वर्षों में रक्षा और सुरक्षा सहयोग इस साझेदारी का अहम हिस्सा बनकर उभरा है।

Go to News Site