Sudarshan News
15 वर्षीय किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी साहिबे आलम और इमरान गिरफ्तार महमूदाबाद (सीतापुर) थाना महमूदाबाद क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर किशोरी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित (Abetment to suicide) करने का आरोप है। *पूरा मामला* दिनांक 18 अप्रैल 2026 को थाना महमूदाबाद क्षेत्र में एक 15 वर्षीय बालिका ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु सीतापुर मर्चरी हाउस भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण 'एंटी-मॉर्टम हैंगिंग' (मृत्यु पूर्व फांसी लगाना) स्पष्ट हुआ। पुलिस की गहन जांच और साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि मृतका की बातचीत थाना सदरपुर क्षेत्र के नबीगंज निवासी साहिबे आलम और ईबरान उर्फ इमरान से होती थी। किसी बात को लेकर हुए आपसी विवाद और कहासुनी के कारण बालिका ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतका के चाचा अहिमान सिद्दीकी की तहरीर पर थाना महमूदाबाद में धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। *आरोपी की गिरफ्तारी* पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्त साहिबे आलम (पुत्र मुकीद, निवासी नबीगंज तकिया, थाना सदरपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी साहिबे आलम पूर्व में मृतका के चाचा के मुर्गी फार्म पर कार्य करता था, जिस कारण दोनों पक्ष एक-दूसरे से पूर्व परिचित थे। **पुलिस टीम की कार्रवाई** आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक विनोद कुमार गिरि और हेड कांस्टेबल वेगवान सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Go to News Site