Sudarshan News
भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘DUSTLIK 2026’ का 7वां संस्करण सफलतापूर्वक पूरा हो गया। यह अभ्यास 12 से 25 अप्रैल 2026 तक उज्बेकिस्तान के नामंगन स्थित गुरुमसराय फील्ड ट्रेनिंग एरिया में आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों देशों की सेनाओं ने करीब दो सप्ताह तक संयुक्त प्रशिक्षण और सामरिक अभ्यास किया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अर्ध-पर्वतीय इलाकों में दोनों सेनाओं के बीच समन्वय और संयुक्त ऑपरेशन क्षमता को मजबूत करना था। शुरुआती चरणों में सामरिक अभ्यास, विशेष हथियार प्रशिक्षण और फील्ड ड्रिल्स पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसके बाद संयुक्त मिशनों के समन्वित परीक्षण किए गए। अंतिम चरण में अभ्यास को छह अलग-अलग ऑपरेशनल हिस्सों में विभाजित किया गया। इनमें टोही दल, हवाई इकाइयाँ, निगरानी टीमें, हेलीकॉप्टर फायरिंग यूनिट, हाउस इंटरवेंशन टीम और इंजीनियर व मेडिकल सपोर्ट से जुड़े रिजर्व समूह शामिल थे। पूरे ऑपरेशन के लिए एक संयुक्त कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया, जिससे दोनों सेनाओं के बीच योजना और क्रियान्वयन में एकरूपता बनी रहे। आधुनिक ड्रोन आधारित निगरानी, लगातार रिहर्सल और फील्ड में त्वरित अनुकूलन ने अभ्यास को और प्रभावी बनाया। अभ्यास के दौरान वास्तविक समय की परिस्थितियों के अनुरूप संचालन क्षमता का परीक्षण किया गया। दोनों देशों की सेनाओं ने आपसी तालमेल और तकनीकी दक्षता के साथ विभिन्न परिस्थितियों में संयुक्त कार्रवाई का प्रदर्शन किया, जिससे उनकी ऑपरेशनल तैयारी को मजबूती मिली। अभ्यास के समापन पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दोनों देशों के श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सैनिकों और विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। कमांडर्स डिनर में बढ़ा आपसी भरोसा इसके बाद आयोजित कमांडर्स डिनर ने दोनों सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, मित्रता और रक्षा सहयोग की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर भारत और उज्बेकिस्तान के बीच बढ़ते रक्षा संबंधों को भी रेखांकित किया गया।
Go to News Site