Sudarshan News
महराजगंज। घुघली क्षेत्र के मेदनीपुर ग्राम सभा के नारायन टोला में स्थित खेल मैदान पर शिक्षा विभाग द्वारा बाउंड्री निर्माण कराए जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामवासी एवं आरटीआई कार्यकर्ता अजित सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायती पत्र में बताया गया है कि ग्राम सभा की आराजी संख्या 2355 पर वर्षों से खेल मैदान संचालित है, जिसके बगल में स्थित सरकारी विद्यालय के विस्तार के नाम पर शिक्षा विभाग द्वारा जबरन बाउंड्री कराई जा रही है। इससे स्थानीय युवाओं के खेलकूद व सामाजिक गतिविधियों पर असर पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 3000 की आबादी वाले इस टोले के लिए यही एकमात्र खेल मैदान है, जहां प्रतिवर्ष मेला, कुश्ती व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य से इन गतिविधियों पर रोक लग सकती है। अजित सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से खेल मैदान पर कब्जा कर जूनियर हाईस्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे मैदान का अस्तित्व समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
Go to News Site