Sudarshan News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में आयोजित ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए आगामी राजनीतिक बदलाव का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वह 4 मई को फिर से पश्चिम बंगाल आएंगे, जब राज्य में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता ही अब उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि देशसेवा के लिए उन्होंने व्यक्तिगत जीवन से दूरी बना ली है और अब उनका पूरा समय जनता के साथ बीत रहा है। पीएम मोदी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग सुरक्षा, अवसर और पारदर्शी शासन चाहते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार इन उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने दावा किया कि विकास के मामले में राज्य पीछे छूटता जा रहा है। प्रधानमंत्री ने रैली में कहा कि मौजूदा माहौल को देखते हुए उन्हें विश्वास है कि 4 मई को वह भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण में फिर से शामिल होंगे। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल के विकास का सपना भाजपा सरकार पूरा करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत का विकास देश की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि ओडिशा और बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने टीएमसी पर विकास की कमी का आरोप लगाया। रैली में पहुंचे लोगों ने भी भाजपा सरकार के समर्थन में अपनी राय रखी। कुछ लोगों ने कहा कि राज्य में सुरक्षा, शिक्षा और विकास के लिए बदलाव जरूरी है। कई लोगों ने दावा किया कि इस बार जनता का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ रहा है और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन संभव है।
Go to News Site