Sudarshan News
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से राजस्थान के सात जिलों टोंक, बूंदी, चूरू, पाली, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बाड़मेर में नए भाजपा जिला कार्यालयों का उद्घाटन किया। साथ ही जालोर जिले के नए कार्यालय का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल भवन नहीं होते, बल्कि ये कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, विचार और राष्ट्रभावना के केंद्र होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र सेवा में लगे रहते हैं। 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक और कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें अंतिम पंक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो भाजपा की पहचान है। उन्होंने बताया कि पार्टी अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। नितिन नवीन ने भजनलाल सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार और किसान कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और 21 राज्यों में उसकी सरकारें हैं। देशभर में 600 से अधिक कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत कर रहे हैं। नितिन नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल महिलाओं के अधिकारों की बात करता है, वही ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रदेश नेतृत्व का संबोधन प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, विकास योजनाओं और ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Go to News Site