Sudarshan News
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक परिवार की यात्रा मौत में बदल गई। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव का परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा था। सभी लोग किराए की टैक्सी से अपने घर वापस जा रहे थे। रात करीब 11 बजे लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास अचानक चलती कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही पलों में वाहन आग का गोला बन गया। हादसे के समय कार में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्ची सवार थीं। बताया जा रहा है कि अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कार सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलने वाली थी। आशंका है कि गैस रिसाव के कारण आग लगी, जो तेजी से फैल गई। चालक विनोद कुमार ने किसी तरह चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जयपुर रेफर किया गया। आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और शव पूरी तरह जल गए। पुलिस के अनुसार, अवशेष इतने क्षतिग्रस्त थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है, इसलिए डीएनए जांच के जरिए पहचान की प्रक्रिया की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
Go to News Site