Sudarshan News
मजदूर दिवस के दिन ही प्रवासी और मजदूर वर्ग को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे इसका दाम 549 रुपये से बढ़कर सीधे 810 रुपये हो गया है। यानी इसमें 261 रुपये का बड़ा इजाफा हुआ है। यह छोटा सिलेंडर खास तौर पर प्रवासी मजदूरों, किराए पर रहने वाले लोगों और छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया था, ताकि वे कम खर्च में अपना गुजारा कर सकें। लेकिन अब कीमत बढ़ने से इस वर्ग की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले महीने अप्रैल 2026 में भी इस सिलेंडर की कीमत में 51 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों से मजदूर, कामगार और सीमित आय वाले लोग ज्यादा प्रभावित होंगे, क्योंकि उनका मासिक बजट पहले ही सीमित होता है। अब रसोई चलाने के लिए उन्हें ज्यादा खर्च करना पड़ेगा, जिससे बचत करना मुश्किल हो जाएगा। खासकर उन लोगों के लिए परेशानी बढ़ेगी जो शहरों में काम करने के लिए घर से दूर रहते हैं। इसी के साथ 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड का खर्च बढ़ सकता है। हालांकि घरेलू रसोई गैस के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। कीमतों में इस बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और गैस की सप्लाई में आई रुकावट बताई जा रही है। मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के कारण आयात महंगा हो गया है, जिसका असर अब आम लोगों तक पहुंच रहा है।
Go to News Site