Sudarshan News
भारत की राष्ट्रपति और सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च सेनापति द्रौपदी मुर्मू ने आज हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड मुख्यालय का दौरा किया। उनके आगमन पर राज्यपाल कविंदर गुप्ता और आर्मी ट्रेनिंग कमांड के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति को भारतीय सेना के प्रशिक्षण ढांचे और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति को बताया कि आर्मी ट्रेनिंग कमांड भारतीय सेना के जवानों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ड्रोन प्रशिक्षण, नई तकनीक का उपयोग, डिजिटल व्यवस्था और स्वचालित प्रणाली जैसे कई नए कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही युद्ध की रणनीति तैयार करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे सेना की कार्यक्षमता और मजबूत हो सके। राष्ट्रपति ने आर्मी ट्रेनिंग कमांड के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था भारतीय सेना की मजबूती का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण का स्तर लगातार बेहतर होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा भी की और सेना की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। अंत में राष्ट्रपति ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके समर्पण के लिए बधाई दी और भविष्य में भी पूरी लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
Go to News Site