Sudarshan News
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। इनमें 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर में शामिल हैं। ईवीएम में कथित गड़बड़ी की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने यह कदम उठाया। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि कुछ बूथों पर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई। विशेष रूप से फलता क्षेत्र में कमल निशान वाले बटन को टेप से ढकने की बात सामने आई। इस घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद मतदाताओं और दलों ने औपचारिक शिकायतें दर्ज कराईं। चुनाव आयोग की कार्रवाई मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत मतदान रद्द कर पुनर्मतदान का आदेश दिया। यह प्रावधान आयोग को गड़बड़ी, हिंसा या प्रक्रिया में उल्लंघन की स्थिति में दोबारा मतदान कराने का अधिकार देता है। सूत्रों के अनुसार, फलता क्षेत्र के करीब 30 अन्य बूथों पर भी पुनर्मतदान की संभावना पर विचार चल रहा है। बाहिरापुरा कुरकुरिया एफपी स्कूल स्थित बूथ के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि, कई मतदाताओं को यह स्पष्ट नहीं था कि पुनर्मतदान क्यों कराया जा रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि पहले मतदान के दौरान कोई बड़ी समस्या नहीं हुई थी। मतदान के दौरान स्थानीय लोगों ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। खराब सड़कें, पानी की कमी और अन्य समस्याएं लोगों के गुस्से का कारण बनीं। ग्रामीणों ने इन मुद्दों पर ध्यान देने की मांग की। दूसरे चरण के मतदान के दौरान हुए विवाद ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि उनके और अन्य उम्मीदवारों के नाम के सामने लगे बटन को जानबूझकर छिपाया गया। इस पर चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। राज्य में दो चरणों में भारी मतदान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर 92.93 प्रतिशत वोटिंग हुई, जो अब तक का उच्चतम स्तर माना जा रहा है। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 92.67 प्रतिशत मतदान हुआ।
Go to News Site