Sudarshan News
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राज्य में संचालित सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश में हुए एक क्रूज हादसे के मद्देनजर उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने धमतरी, कोरबा समेत सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां हो रही हैं, वहां तुरंत सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। साथ ही तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि वाटर स्पोर्ट्स में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरणों की नियमित तकनीकी जांच की जाए। इसके अलावा प्रशिक्षित और दक्ष कर्मचारियों की तैनाती अनिवार्य की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित स्थानों पर रेस्क्यू उपकरण, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली को हमेशा सक्रिय रखने पर बल दिया गया है। कलेक्टरों को यह जिम्मेदारी भी सौंपी गई है कि वे इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें। यदि कहीं भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों या संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के लिए आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए यह जरूरी है कि सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित हों। सरकार ने इन सभी व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा करने और रिपोर्ट राज्य शासन को भेजने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करके ही जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
Go to News Site