Sudarshan News
पश्चिम बंगाल की 294 में से 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। राज्य के 77 मतगणना केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दोपहर तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि राज्य में किस पार्टी को बहुमत मिलता है और सरकार किसकी बनेगी। तृणमूल कांग्रेस सरकार की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने मतगणना की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई स्थानों पर अब तक केवल दो राउंड की गिनती ही पूरी हो पाई है, जिससे प्रक्रिया की गति को लेकर चिंता बढ़ रही है। टीएमसी प्रवक्ता और बेलाघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा कि अभी शुरुआती राउंड की गिनती चल रही है और इस पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार अभी कई राउंड बाकी हैं और अंतिम परिणाम तक स्थिति बदल सकती है। ग्रेटर कोलकाता जैसे टीएमसी के मजबूत क्षेत्रों में इस बार भाजपा अच्छा प्रदर्शन करती दिख रही है। कई सीटों पर शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बढ़त बनाई है, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने साफ किया है कि आज किसी भी प्रकार के विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अनुमति केवल कल से दी जाएगी और शांति बनाए रखना प्राथमिकता है। उनके अनुसार इस बार मतदान और मतगणना के दौरान हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई है। उत्तर बंगाल में भाजपा का दबदबा उत्तर बंगाल की 54 में से लगभग 40 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भाजपा ने सभी सीटों पर बढ़त बना ली है, जबकि कूचबिहार में केवल एक सीट पर टीएमसी आगे है। प्रमुख सीटों पर मुकाबला और रुझान पानीहाटी सीट पर आरजीकर मामले से जुड़ी रत्ना देबनाथ लगभग 3400 वोटों से आगे मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर आगे, अधीर रंजन चौधरी पीछे सिलीगुड़ी में भाजपा के शंकर घोष करीब 7000 वोटों से आगे कोलकाता के कस्बा से मंत्री जावेद खान मजबूत बढ़त में हावड़ा उत्तर और झाड़ग्राम समेत कई सीटों पर भाजपा आगे टीएमसी को बीरभूम और दक्षिण 24 परगना के कई हिस्सों में बढ़त मिल रही है। वहीं मालदा और कूचबिहार के कुछ क्षेत्रों में भी पार्टी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। दूसरी ओर पश्चिम बर्द्धमान की सभी नौ सीटों पर भाजपा आगे चल रही है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है। फिलहाल पूरे राज्य में मतगणना जारी है और रुझान लगातार बदल रहे हैं। अंतिम परिणाम यह तय करेंगे कि पश्चिम बंगाल की सत्ता पर कौन काबिज होगा।
Go to News Site