Collector
तमिलनाडु में विजय की 11 वादों ने बदला पूरा गेम; रजनीकांत-कमल हासन जो नहीं कर पाए... कैसे 'थलापति' ने TVK को बनाया असली किंग | Collector
तमिलनाडु में विजय की 11 वादों ने बदला पूरा गेम; रजनीकांत-कमल हासन जो नहीं कर पाए... कैसे 'थलापति' ने TVK को बनाया असली किंग
Sudarshan News

तमिलनाडु में विजय की 11 वादों ने बदला पूरा गेम; रजनीकांत-कमल हासन जो नहीं कर पाए... कैसे 'थलापति' ने TVK को बनाया असली किंग

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के शुरुआती रुझानों में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। हालांकि, अब तक के आंकड़ों के मुताबिक पार्टी बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई है। फिर भी 100 से अधिक सीटों पर बढ़त यह दर्शाती है कि जनता ने विजय पर भरोसा जताया है। विजय का फिल्मी करियर उनकी लोकप्रियता का आधार रहा, लेकिन इस चुनाव में उनकी राजनीतिक छवि भी मजबूत होकर सामने आई है। मतदाताओं ने उन्हें सिर्फ एक अभिनेता के रूप में नहीं, बल्कि एक विकल्प के तौर पर देखा, जिससे वह राज्य की राजनीति में प्रमुख चेहरा बन गए। चुनावी वादों ने बदला समीकरण TVK की सफलता के पीछे पार्टी के कई जनकल्याणकारी वादे अहम भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। इन वादों में महिलाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता, बुजुर्गों और जरूरतमंदों के लिए भत्ता, मुफ्त बिजली और रसोई गैस जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा किसानों के कर्ज माफी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए भत्ते जैसे मुद्दों ने भी लोगों को आकर्षित किया। इन घोषणाओं ने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत समर्थन दिलाने में मदद की। TVK ने अपने एजेंडे में हर वर्ग को शामिल करने की कोशिश की। महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब परिवारों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की गईं। इससे पार्टी ने व्यापक वोट बैंक को साधने की रणनीति अपनाई, जो रुझानों में दिख भी रही है। विजय ने अपनी पार्टी के घोषणापत्र को पारंपरिक मूल्यों से जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने इसे तमिल साहित्य के सिद्धांतों से प्रेरित बताया और राजनीति में नैतिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया।  उनका कहना था कि पार्टी ईमानदार प्रशासन देने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है और लोगों से किए गए वादों को गंभीरता से लागू करेगी। चुनाव प्रचार के दौरान विजय ने सत्ताधारी नेतृत्व पर भी सवाल उठाए और कहा कि उनकी पार्टी खोखले वादों की राजनीति नहीं करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि TVK का एजेंडा व्यावहारिक और जनता की जरूरतों के अनुरूप है। फिलहाल रुझानों में TVK मजबूत स्थिति में जरूर है, लेकिन बहुमत से दूरी के कारण सरकार गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अंतिम नतीजे यह तय करेंगे कि विजय की पार्टी अकेले सत्ता में आती है या फिर गठबंधन की भूमिका अहम होगी।

Go to News Site